पुलिस-ग्रामीणों में भिड़ंत, 11 नामजद – 5 गिरफ्तार

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

नवीन कुमार

O- हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल, पुलिस वाहन के शीशे चकनाचूर
O- गुरुवार की रात हड़वरिया में हालात बेकाबू, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

कोन (सोनभद्र) : ग्राम पंचायत कचनरवा के टोला हड़वरिया (परसवा) में गुरुवार की देर रात मामूली पारिवारिक विवाद ने अचानक बड़ा रूप ले लिया। विवाद शांत कराने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। लाठी-डंडों व ईंट–पत्थर चलने से हेड कांस्टेबल संतोष यादव गंभीर रूप से घायल हो गए और कई पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। पथराव में पुलिस की गाड़ियों के शीशे भी टूट गए। स्थिति बिगड़ने पर रात में ही अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।

परिवारिक विवाद की सूचना पर पहुंची थी डायल 100 टीम
हड़वरिया निवासी सुदर्शन राम ने गुरुवार रात लगभग 7:53 बजे डायल 100 पर फोन कर सूचना दी कि उनके बेटे-बहू और बड़े बेटे के बीच जमकर लाठी-डंडों व ईंट–पत्थर से मारपीट हो रही है। सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल संतोष कुमार यादव, कांस्टेबल लालमणि कनौजिया और चालक अभिमन्यु मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सभी पक्षों को शांत रहने और थाने चलकर बयान देने की बात कही।

भीड़ बढ़ी, पुलिस से नोकझोंक… और फिर हमला
पुलिस की समझाइश पर ग्रामीण वहीं पंचायत करने की जिद पर अड़ गए। देखते ही देखते भीड़ बढ़ती गई और लोगों ने पुलिस की बात अनसुनी करते हुए नोकझोंक शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस टीम ने तत्काल थानाध्यक्ष संजीव सिंह को सूचना दी। थानाध्यक्ष ने दो गाड़ियां लेकर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा।

अतिरिक्त पुलिस बल वहां पहुंचा ही था कि अचानक भीड़ उग्र हो गई और पुलिस टीम पर लाठी-डंडों व ईंट–पत्थरों से हमला शुरू कर दिया। पथराव में कई पुलिसकर्मी चोटिल हो गए। हेड कांस्टेबल संतोष यादव को गंभीर चोटें आईं। हमले के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों को जान बचाकर भागना पड़ा। ग्रामीणों ने पुलिस वाहन के शीशे भी तोड़ दिए।

सीसीटीवी फुटेज से 11 नामजद, कई अज्ञात… 5 गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए पूरी रात इलाके में पुलिस की तैनाती रही। बाद में हेड कांस्टेबल संतोष यादव की तहरीर पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर कुल 11 लोगों को नामजद करते हुए कई अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

मामले में आरोपितों पर धारा 147, 332, 353, 504, 506, 186 तथा 7 सीएल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने 5 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि शेष की तलाश जारी है।

थानाध्यक्ष बोले, कानून हाथ में लेने वालों को नहीं बख्शा जाएगा
थानाध्यक्ष संजीव सिंह ने कहा कि यह सीधी-सीधी कानून व्यवस्था को चुनौती है। किसी भी कीमत पर अपराध बढ़ने नहीं दिया जाएगा और जिस भी व्यक्ति ने पुलिस पर हमला किया है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

गुरुवार की रात हुई यह घटना क्षेत्र में लंबे समय तक चर्चा का विषय बनी रही। पुलिस पूरे प्रकरण पर सख्त रुख अपनाए हुए है।

Leave a Comment

1410
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?