ग्रामीणों ने पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
म्योरपुर, सोनभद्र । पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से सनातन जन भावना समिति की ओर से आरंगपानी, लिलासी-कला क्षेत्र में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर फलदार और छायादार पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और जल संकट जैसी समस्याओं का प्रभावी समाधान अधिक से अधिक वृक्षारोपण और उनका संरक्षण ही है। पेड़ केवल ऑक्सीजन ही नहीं देते, बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सनातन जन भावना समिति ने ग्रामीणों से प्रत्येक परिवार को कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की। “प्रकृति की रक्षा, भविष्य की सुरक्षा” का संदेश देते हुए अभियान को जनभागीदारी से जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारियों सहित क्षेत्र के अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय कार्य बताया।






