जम्मू–तवी एक्सप्रेस से गिरकर यात्री का हाथ कटा, 108 एम्बुलेंस कर्मियों की तत्परता से बची जान

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

वीरेंद्र कुमार

विंढमगंज (सोनभद्र)। जनपद सोनभद्र के विंढमगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक रेल हादसा सामने आया, जहां जम्मू–तवी एक्सप्रेस से गिरने के कारण एक यात्री का बायां हाथ कट गया। गंभीर रूप से घायल यात्री रेलवे पटरी के किनारे तड़पता मिला। इस बीच 108 एम्बुलेंस सेवा के कर्मियों की तत्परता और मानवता ने समय रहते घायल को चिकित्सा सुविधा पहुंचाकर उसकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।

घटना सुबह करीब 4:30 बजे की है। विंढमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत फुलवार और जोरूखाण के बीच से गुजरने वाली रेलवे लाइन पर जम्मू–तवी एक्सप्रेस से गिरकर आलम (43 वर्ष), निवासी धर्मशाला चौक, रॉबर्ट्सगंज, पुत्र रमजान गंभीर रूप से घायल हो गया। गिरने के दौरान उसका बायां हाथ कट गया, जिससे वह पटरी के पास दर्द से कराहता रहा।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची 108 एम्बुलेंस सेवा के पायलट सनी प्रताप और इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन सुमित मिश्रा ने बिना समय गंवाए, किसी अन्य सहायता का इंतजार किए बिना घायल को एम्बुलेंस में उठाया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया। वहां तैनात चिकित्सक डॉ. शाह आलम ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने एम्बुलेंस कर्मियों के इस साहसिक और मानवीय कार्य की खुले दिल से सराहना की। ग्रामीणों का कहना था कि यदि ऐसे संवेदनशील और कर्तव्यनिष्ठ कर्मचारी हर एम्बुलेंस में तैनात हों, तो दुर्घटनाओं में कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।

यह घटना एक ओर जहां रेल यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है, वहीं दूसरी ओर आपातकालीन सेवाओं में कार्यरत कर्मियों की निष्ठा, मानवता और त्वरित निर्णय क्षमता का उदाहरण भी प्रस्तुत करती है।

Leave a Comment

1346
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?