नवरात्रि के पहले दिन नौगढ़ में निकली भव्य कलश यात्रा, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़, सांसद छोटेलाल खरवार भी हुए शामिल

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के नौगढ़ में नवरात्रि के पहले दिन नौगढ़ कस्बे में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सोमवार को दुर्गा पूजा समिति की ओर से नौगढ़ दुर्गा मंदिर पोखरा से कलश यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। मंदिर को फूलों और रंग-बिरंगी झालरों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया।

कलश यात्रा की शुरुआत दुर्गा मंदिर पोखरा से हुई, जो कस्बे के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर पर जाकर संपन्न हुई। ढोल-नगाड़ों से गूंज के बीच यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तों ने माता रानी के जयकारों से पूरे कस्बे का माहौल भक्तिमय कर दिया।

महिलाएं सिर पर कलश रखकर परंपरागत वेशभूषा में चल रही थीं, वहीं बच्चे और बुजुर्ग भी उत्साहपूर्वक यात्रा में सम्मिलित रहे।

यात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती से श्रद्धालु निश्चिंत होकर यात्रा में शामिल हुए।

कलश यात्रा संपन्न होने के बाद दुर्गा पूजा अध्यक्ष पंकज जायसवाल ने बताया आज सोमवार से शाम  7 बजे से 30 तारीख तक राम कथा का आयोजन किया गया है।

इस अवसर पर सांसद छोटेलाल खरवार भी कलश यात्रा में सम्मिलित हुए। उन्होंने श्रद्धालुओं को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं और कहा कि “माता रानी की कृपा से पूरे क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे। नौगढ़वासियों की आस्था और सहभागिता इस पर्व को और भी खास बना देती है।

ग्राम प्रधान पति दीपक गुप्ता ने कहा कि “नवरात्रि का यह पर्व आस्था और शक्ति का प्रतीक है। माता रानी की कृपा से गांव और क्षेत्र में सुख-समृद्धि बनी रहे, यही हमारी कामना है। इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी हमारे समाज की धार्मिक एकता और संस्कृति की पहचान है।

कलश यात्रा में मंडल अध्यक्ष भगवान दास अग्रहरि, व्यापार मंडल अध्यक्ष सूरज केशरी, संदीप जायसवाल, अजीत विश्वकर्मा, सुनील शर्मा, बाबू केशरी आदि लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?