अमित मिश्रा
O – चिरूई के जंगल में मिले दो शव, शिनाख्त जारी
O – आकाशीय बिजली से मौत की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के चिरूई जंगल में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब चरवाहों ने घने जंगल के पहाड़ की खाई में एक वृद्ध पुरुष और एक वृद्ध महिला का शव पड़ा देखा। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि पिछले दिनों हुई बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दोनों की मौत हो गई होगी। बताया जा रहा है कि चिरूई जंगल घना होने के कारण यहां अक्सर आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं होती रहती हैं। जिस स्थान पर शव मिले हैं, वह पहाड़ पर चढ़ने का एक आसान रास्ता माना जाता है और स्थानीय आदिवासी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों मृतकों की उम्र करीब 60 से 65 वर्ष के बीच बताई जा रही है। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि शव पति-पत्नी के हो सकते हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जिला चिकित्सालय के पोस्टमार्टम कक्ष में सुरक्षित रखवा दिया है।
चिरूई चौकी प्रभारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि शवों की शिनाख्त के लिए आसपास के गांवों के लोगों को बुलाया गया, लेकिन अब तक कोई पहचान नहीं हो पाई है। शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिससे मौत के वास्तविक कारण का पता चल सके। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।






