दो दिन की जांच में सामने आए मामले, बीएसए को भेजी रिपोर्ट
म्योरपुर, सोनभद्र। स्थानीय शिक्षा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों में बिना मान्यता के संचालित 18 स्कूलों के संचालकों को शिक्षा विभाग ने नोटिस जारी कर स्कूल बंद करने का निर्देश दिया है। खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को कार्रवाई के लिए पत्र भी भेजा है। बीईओ सुनील कुमार ने बताया कि पिछले दो दिनों तक लगातार जांच और निरीक्षण किया गया। इस दौरान डेढ़ दर्जन स्कूल बिना मान्यता के संचालित होते पाए गए। जांच में जब विद्यालयों से मान्यता की कॉपी मांगी गई तो संचालकों की ओर से कोई साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि क्षेत्र में कहीं भी बिना मान्यता के स्कूल संचालित नहीं होने दिए जाएंगे। स्कूल संचालक मान्यता लें या फिर स्कूल बंद करें। शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई से मान्यता विहीन स्कूल संचालकों में खलबली मच गई है।






