नो हेलमेट-नो पेट्रोल: पेट्रोल पंपों पर सख्ती, 62 दोपहिया वाहनों का चालान

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

नो हेलमेट-नो फ्यूल लागू कराने के लिए सड़क पर उतरे अधिकारी

सोनभद्र। सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। नो हेलमेट-नो पेट्रोल अभियान को प्रभावी बनाने के लिए गुरुवार को परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने जिले के एक दर्जन से अधिक पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बिना हेलमेट पेट्रोल भरवा रहे 62 दोपहिया चालकों का चालान किया गया और उन्हें यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई।

अभियान को सख्ती से लागू करने का निर्देश

दरअसल, 26 जनवरी से जिले में नो हेलमेट-नो पेट्रोल का आदेश लागू किया गया है, जिसके तहत बिना हेलमेट किसी भी दोपहिया वाहन चालक को पेट्रोल देने पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद कई जगहों से शिकायतें मिल रही थीं कि बाइक सवार बिना हेलमेट पेट्रोल भरवा रहे हैं। इसी को लेकर एआरटीओ प्रशासन धनवीर यादव और यातायात प्रभारी अविनाश सिंह पुलिस बल के साथ वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर चोपन स्थित पेट्रोल पंपों पर निरीक्षण करने पहुंचे।

निरीक्षण के दौरान कई पेट्रोल पंपों पर नियमों का पालन सही तरीके से किया जा रहा था, लेकिन कुछ स्थानों पर बगैर हेलमेट पेट्रोल दिए जाने की शिकायत सामने आई। इस पर अधिकारियों ने पेट्रोल पंप संचालकों को कड़ी चेतावनी दी और सख्त निर्देश दिए कि यदि कोई व्यक्ति बिना हेलमेट पेट्रोल मांगता है तो उसे स्पष्ट रूप से मना कर दिया जाए।

सीसीटीवी फुटेज से होगी कार्रवाई

कुछ पेट्रोल पंप संचालकों ने अधिकारियों को बताया कि कई बाइक सवार बिना हेलमेट पेट्रोल देने के लिए दबाव बनाते हैं और विवाद करते हैं। इस पर प्रशासन ने पेट्रोल पंप संचालकों से कहा कि यदि कोई व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करते हुए दबाव बनाता है, तो उसकी पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराएं। ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

एआरटीओ धनवीर यादव ने कहा कि सरकार की मंशा है कि यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं को रोका जाए और सड़क सुरक्षा को सख्ती से लागू किया जाए। उन्होंने सभी सरकारी और गैर-सरकारी विभागों से अपील की कि उनके कर्मी अनिवार्य रूप से हेलमेट का प्रयोग करें ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

अभियान रहेगा जारी, नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्ती

परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने चेतावनी दी है कि अभियान को पूरी सख्ती से लागू किया जाएगा और इसका उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। 26 जनवरी से अब तक 1768 बाइक चालकों का चालान किया जा चुका है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

26 जनवरी से अब तक 1768 चालान

एआरटीओ धनवीर यादव ने बताया कि 26 जनवरी से अब तक नो हेलमेट-नो पेट्रोल नियम का उल्लंघन करने पर 1768 बाइक चालकों का चालान किया जा चुका है। अगली सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में यह भी तय किया जाएगा कि यदि कोई बाइक चालक बार-बार चालान की प्रक्रिया से गुजरता है तो उसके वाहन पंजीकरण को लेकर भी कार्रवाई की जाएगी।

(रिपोर्ट: संवाददाता, सोनभद्र)

Leave a Comment

1207
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?