भूमि विवाद में चार घंटे जाम रहा नौगढ़-रॉबर्ट्सगंज हाईवे, मरीजों को लेकर फंसी रहीं एम्बुलेंस; प्रशासन ने दी कार्रवाई की चेतावनी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र के भरदुआ गांव के पास गुरुवार को वन भूमि पर खेती को लेकर हुए विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। नाराज ग्रामीणों ने नौगढ़-रॉबर्ट्सगंज स्टेट हाईवे पर बैरिकेडिंग लगाकर करीब चार घंटे तक चक्का जाम कर दिया। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

जानकारी के अनुसार, किसान रणधीर मिश्रा वर्षों भूमि पर खेती करते आ रहे थे। आरोप है कि दोपहर में गांव के कुछ लोगों ने उनकी भूमि में जबरन धान की रोपाई कर दी। इसी के विरोध में रणधीर मिश्रा के समर्थकों ने हाईवे जाम कर दिया। प्रदर्शन को ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुजीत सिंह उर्फ सुड्डू सिंह, ग्राम प्रधान अनिरुद्ध सिंह तथा क्षेत्र के कई लोगों का समर्थन भी मिला।

जाम की सूचना मिलते ही तहसीलदार राहुल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। करीब चार घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

तहसीलदार राहुल सिंह ने बताया कि विवाद रणबीर मिश्रा के खेत में धान की रोपाई को लेकर उत्पन्न हुआ है। उन्होंने कहा कि संबंधित लोग आरक्षित वन भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर खेती कर रहे हैं। कुछ किसानों को भेड़ा फार्म की भूमि के बदले वैकल्पिक भूमि आवंटित किए जाने की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन आवश्यक अभिलेख पूरे न होने के कारण उन्हें अब तक कब्जा नहीं मिल सका है।

प्रशासन द्वारा प्रदर्शनकारियों से तहरीर लेकर कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद चार घंटे बाद जाम समाप्त कराया गया।

देर शाम उप जिलाधिकारी विकास मित्तल और क्षेत्राधिकारी नामेंद्र कुमार रावत भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने विवादित स्थल का निरीक्षण किया और स्पष्ट चेतावनी दी कि स्टेट हाईवे को जाम करना कानूनन अपराध है। उन्होंने कहा कि सड़क जाम करने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?