सोनभद्र -। आदर्श नगर पालिका परिषद सोनभद्र की अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने बुधवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर नगर के विकास से जुड़े तीन अहम प्रस्ताव सौंपे। उन्होंने सबसे पहले खलियारी-घोरावल मार्ग के प्रस्तावित चौड़ीकरण से नगर को संभावित नुकसान से बचाने की मांग उठाई। इसके अलावा नगर के बीच बने ओवरब्रिज के नीचे खाली स्थानों के सौंदर्यीकरण के लिए विशेष बजट तथा चुर्क मोड़ पर स्थापित वीर छत्रपति शिवाजी महाराज की आदमकद प्रतिमा के लोकार्पण का आग्रह किया। इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह भी मौजूद रहीं।
मुख्यमंत्री को सौंपे ज्ञापन में रूबी प्रसाद ने कहा कि खलियारी-घोरावल मार्ग का चौड़ीकरण प्रस्तावित है, लेकिन इसका करीब तीन किलोमीटर हिस्सा मुख्य नगर क्षेत्र से होकर गुजरता है। यदि नगर के भीतर सड़क चौड़ी की गई तो बड़ी संख्या में मकान, दुकानें और अन्य प्रतिष्ठान प्रभावित होंगे, जिससे नगर को अपूरणीय क्षति पहुंचेगी। उन्होंने सुझाव दिया कि खलियारी की ओर से आने वाले भारी वाहनों को प्रस्तावित विंध्य एक्सप्रेसवे लिंक मार्ग से जोड़ा जाए तथा घोरावल की ओर से आने वाले वाहनों को धर्मशाला चौक और हिन्दुवारी के रास्ते एक्सप्रेसवे तक पहुंचाया जाए। साथ ही पकरी क्षेत्र से बाईपास सड़क निर्माण का भी प्रस्ताव रखा, ताकि नगर को नुकसान पहुंचाए बिना यातायात व्यवस्था सुदृढ़ की जा सके। इसके बाद उन्होंने वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर नगर के बीच बने करीब तीन किलोमीटर लंबे ओवरब्रिज के नीचे खाली पड़े स्थानों के विकास का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि करीब 40 ब्लॉक खाली होने से वहां गंदगी फैलती है और कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। उन्होंने इन स्थानों पर इंटरलॉकिंग, रेलिंग, बैरिकेडिंग, हरित पट्टी, बैठने के लिए बेंच तथा स्वच्छता, यातायात और सरकारी योजनाओं से जुड़े आकर्षक स्लोगन व पेंटिंग कराने के लिए लगभग तीन करोड़ रुपये उपलब्ध कराने की मांग की।
मुलाकात के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष ने चुर्क मोड़ स्थित वीर छत्रपति शिवाजी महाराज की आदमकद प्रतिमा के लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री को आमंत्रित भी किया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका की ओर से प्रतिमा स्थापना और सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री के करकमलों से लोकार्पण होने पर यह स्थल ऐतिहासिक और प्रेरणादायी पहचान के रूप में विकसित होगा।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद रूबी प्रसाद ने उम्मीद जताई कि जनहित से जुड़े इन प्रस्तावों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय होगा, जिससे सोनभद्र नगर के विकास को नई गति मिलेगी।






