अमित मिश्रा
सोनभद्र (उत्तर प्रदेश)। सूबे की योगी सरकार द्वारा महिला सुरक्षा को लेकर चलाये जा रहे मिशन शक्ति अभियान को जनपद मे गति देने के लिए शनिवार को ओबरा थाना मे नव निर्मित मिशन शक्ति केन्द्र व साइबर हेल्प डेस्क भवन का जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा द्वारा लोकार्पण किया गया।
लोकार्पण उपरांत अधिकारियों द्वारा मिशन शक्ति केन्द्र एवं साइबर हेल्प डेस्क का निरीक्षण कर उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमजन, विशेषकर महिलाओं एवं साइबर अपराध के पीड़ितों की शिकायतों का त्वरित, संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मिशन शक्ति केन्द्र महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, उनके अधिकारों, विभिन्न शासकीय योजनाओं तथा महिला हेल्पलाइन सेवाओं के संबंध में जागरूक करने एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बनेगा।
वहीं साइबर हेल्प डेस्क के माध्यम से साइबर अपराधों से संबंधित शिकायतों का तत्काल पंजीकरण, उचित मार्गदर्शन तथा समयबद्ध सहायता प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमुदाय से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी, ऑनलाइन धोखाधड़ी अथवा महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा आपातकालीन एवं हेल्पलाइन सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करें।
इसके उपरान्त जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा वन महोत्सव-2026 वृक्षारोपण महायज्ञ के अंतर्गत थाना ओबरा परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण एवं भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर अपर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार, क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय, प्रभारी निरीक्षक थाना ओबरा सदानन्द राय सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






