विरेन्द्र कुमार
विंढमगंज, सोनभद्र। दुद्धी ब्लाक के हीराचक गांव में चल रहे क्रिकेट प्रतियोगिता में सोमवार को फाइनल मुकाबला हुआ। इसमें लियो क्लब बीड़र ने मेजबान हीराचक टीम को एक विकेट से हराकर ट्राफी पर कब्जा कर लिया। मुख्य अतिथि दुद्धी चेयरमैन कमलेश मोहन द्वारा विजेता टीम को ट्राफी और मेडल देकर सम्मानित किया और दोनों टीमों के फाइनल मुकाबले तक पहुंचने की प्रशंसा की। टास जीतकर बीड़र टीम ने पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करते हुए मेजबान हीराचक ने निर्धारित बारह ओवर में सभी विकेट दमदार पारी खेलते हुए 103 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाब में उतरी लियो क्लब बीड़र ने रोमांचक मुकाबले में एक विकेट से यह मैच जीत लिया। अंतिम ओवर में अंतिम जोड़ी के बल्लेबाज नीरज कुमार ने लगातार दो छक्के लगाकर टीम को मैच में बराबरी पर ला दिया और अगले ही गेंद पर रन ठोक कर जीत अपने पाले में कर लिया। इस तरह एक विकेट से बीड़र ने यह मुकाबला जीत लिया। मैच में बेस्ट बल्लेबाज का पुरस्कार आकर्ष चौबे, बेस्ट गेंदबाज का पुरस्कार संस्कार को और बेस्ट फिल्डर का पुरस्कार संदीप कुमार को दिया गया। इस मौके पर सुरेंद्र अग्रहरि, बीरेंद्र चौधरी, विमल यादव, श्याम बिहारी तिवारी, राजकुमार मिश्रा, राम ध्यान मिश्रा, जमुना प्रसाद मिश्र, संजय चौबे, नीलकुंडल मिश्र, आलोक चौबे, राणा प्रकाश, राहुल रंजन मिश्रा, संतोष मिश्रा, सत्य प्रकाश तिवारी आदि उपस्थित रहे।







