रेलकर्मियों के लिए बड़ी राहत, विभागीय अदला-बदली अब होगी आसान, रेलवे बोर्ड ने जारी किए निर्देश

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

चोपन (सोनभद्र) । रेल विभाग में कार्यरत कर्मचारियों के लिए एक सुखद खबर सामने आई है। ऑल इंडिया रेलवेमेंस फेडरेशन (एआईआरएफ) की सतत पहल के बाद रेलवे बोर्ड ने 1800 ग्रेड पे के रेलकर्मियों के लिए विभागीय अदला-बदली (म्यूचुअल ट्रांसफर) को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इस निर्णय से अब रेलकर्मी किसी भी मंडल, जोन या विभाग में आपसी सहमति से अपने पदों की अदला-बदली कर सकेंगे।

रेलवे बोर्ड ने अपने पत्र संख्या ई(एनजी)/I-2020/TR/13 (ई-3327313), दिनांक 08/07/ को जारी आदेश में यह स्पष्ट किया कि अदला-बदली पर अब विभागीय सीमाएं बाधा नहीं बनेंगी। इससे पहले आदेशों की गलत व्याख्या के कारण विभिन्न विभागों के बीच ट्रांसफर को रोका जा रहा था, जिसे एआईआरएफ ने पीएनएम बैठक में जोरदार तरीके से उठाया था।

एआईआरएफ के जोनल सचिव ओ.पी. शर्मा ने बताया कि यह आदेश हजारों रेलकर्मियों के लिए एक राहत की सांस जैसा है। अब कर्मचारी अपने घर के निकट स्थित मंडल या जोन में कार्य करने के लिए विभागीय अदला-बदली का लाभ ले सकेंगे।

ईसीआरकेयू चोपन वन शाखा के सचिव उमेश कुमार सिंह ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह फैसला रेलकर्मियों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करता है और इससे परिवारों के साथ सामंजस्य बैठाने, मानसिक तनाव घटाने और कामकाज की गुणवत्ता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

इस महत्वपूर्ण निर्णय पर एस.के. सिंह, आर.के. यादव, एस.जे. मौर्या, धीरज कुमार, मनोज कुमार, एच.आर. मिश्रा, राकेश कुमार चौरसिया, कपिल कुमार, विजय कुमार विश्वकर्मा, रोहित कुमार, सुरेन्द्र सुमन, सुजीत कुमार, विकास सिंह, सियाराम पासवान सहित कई रेलकर्मियों ने फेडरेशन के प्रति आभार प्रकट किया।

यह कदम न केवल रेलकर्मियों को व्यक्तिगत और पारिवारिक जीवन में संतुलन बनाने में सहायक होगा, बल्कि रेलवे प्रशासन को भी अधिक समर्पित और संतुष्ट कर्मचारी उपलब्ध कराएगा।

Leave a Comment

1347
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?