प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव बोले- पीआरवी मौके पर पहुंची, मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई होगी
बभनी, सोनभद्र। थाना क्षेत्र के घघरी गांव में रविवार सुबह जमीनी विवाद को लेकर एक महिला की मारपीट कर दी गई। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना सुबह करीब 6 बजे हुई। घघरी गांव निवासी अखिलेश पटेल अपनी पत्नी मीरा पटेल के साथ आवास निर्माण करा रहे थे। नींव खोदने को लेकर हुए विवाद में अखिलेश के छोटे भाई श्रवण कुमार पुत्र रामवृक्ष, भांजे श्यामजी पुत्र जुगनू प्रसाद और मां देवती पत्नी रामवृक्ष ने घर में घुसकर मीरा पटेल से मारपीट की। मारपीट में मीरा गंभीर रूप से घायल हो गईं। अखिलेश पटेल ने बताया कि भाई-भांजे और मां ने अचानक हमला कर दिया। घटना की सूचना तुरंत पीआरवी 112 को दी गई। पीआरवी टीम मौके पर पहुंची और घायल मीरा को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी भेजा गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक दीन्नू प्रसाद यादव ने बताया कि पीआरवी सूचना पर मौके पर पहुंची थी। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।





