अमित मिश्रा
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। 79 वां स्वाधीनता दिवस जनपद में पूरे उमंग व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिलाधिकारी बीएन सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर में तो चारो तहसीलो में उप जिलाधिकारी ने ध्वजारोहण व वृक्षारोपण कर देश के अमर शहीद बलिदानियों को याद किया। इसके बाद विशिष्ट स्टेडियम तियरा में आयोजित जनपदीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में राज्य मंत्री संजीव गोंड़, सांसद, छोटेलाल खरवार और जिलाधिकारी ने नागरिक सुरक्षा, गोता खोर, प्रगतिशील किसान, बीएलओ, एनआरएलएम समूह की महिला, बेसिक शिक्षा विभाग के कार्मिक, माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षक, शिक्षिकाएं, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना के लाभार्थी, खेल विभाग के खिलाड़ी, ग्राम प्रधान व सफाई कर्मी को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मनित किया।
जिलाधिकारी बीएन सिंह ने देश की 79वें स्वतन्त्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट प्रांगण में प्रातः 08.00 बजे घ्वजारोहण करने के पश्चात सलामी दी। जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारीगण, कर्मचारीगण व अन्य सम्मानित नागरिकगण को सम्बोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के अमर शहीद बलिदानियों को याद करने का दिवस है, जिनके कठिन संघर्ष के कारण हमें यह आजादी मिली है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के अन्तर्गत जनमानस में अपने घरों पर तिरंगा झण्डा लगाने के साथ ही तिरंगा यात्रा भी जनपद में निकाली गयी। प्रत्येक नागरिकों के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना को जागृत करना तथा स्वतंत्रता के प्रतीकों के प्रति सम्मान का भाव जगाना, इस तिरंगा यात्रा का प्रमुख उद्देश्य रहा है।
उन्होंने कहा कि हम सब को आज इस स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इस बात को विशेष दर्जा देना चाहिए कि हमें जो भी दायित्व की पूर्ति के लिए संविधान द्वारा वचनबद्ध है, उसके लिए पूर्ण निष्ठा, लगन एवं निष्पक्षता के साथ शत-प्रतिशत संकल्पबद्ध होकर कार्य करें। धर्म, जाति रंग के विभेदों को समाप्त कर प्रगति और खुशहाली के प्रति भावनात्मक एकता स्थापित करें और समता मूलक समाज की स्थापना करने में सम्पूर्ण योगदान दें। इसके पश्चात कलेक्ट्रेट परिसर के गाॅधी उद्यान में स्थापित महात्मा गाॅधी के प्रतिमा पर माल्यार्पण कर, श्रद्धा सुमन अर्पित किये।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विशिष्ट स्टेडियम तियरा मेें प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड़ द्वारा ध्वजारोहरण व वृक्षारोपण भी किया गया। विशिष्ट स्टेडियम तियरा में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति गीतों पर आधारित सुन्दर नृत्य व गानों की प्रस्तुति की गयी, जिसका वहां पर उपस्थित लोगों ने काफी सराहना की।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्य मंत्री, सांसद, जिलाधिकारी ने नागरिक सुरक्षा के 19 लोगों को नियुक्ति पत्र, गोता खोरों को प्रशस्ति-पत्र व प्रोत्साहन राशि, प्रगतिशील किसान, बीएलओ, एनआरएलएम समूह की महिलाओं को, बेसिक शिक्षा विभाग के कार्मिक, माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षक, शिक्षिकाओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित कियें। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना के लाभार्थियों को डेमो चेक, खेल विभाग के खिलाड़ी, ग्राम प्रधान व सफाई कर्मी को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मनित कियें।
इस अवसर पर राज्यमंत्री ने उपस्थित जनमानस को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज हम सब लोग 79वाॅ स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लाल किले पर ध्वजारोहण किया गया। जनपद में हर घर तिरंगा अभियान चलाया गया, जिसमें भारी संख्या में जनमानस ने तिरंगा यात्रा निकाली व वीर शहीदों को नमन भी किये। उन्होंने कहा कि आज स्वतंत्रता दिवस पर हमें वीर शहीदों को नमन करना चाहिए, जिनके कठिन संघर्षों के बाद हमें यह आजादी मिली है, जिसमें जनपद के भी वीर शहीदों ने अपनी कुर्बानियां दी है।
इस अवसर पर सांसद छोटेलाल खरवार ने कहा कि 79वाॅ स्वतंत्रता दिवस का यह पर्व देश के अमर शहीद बलिदानियों को यादव करने का दिन है, जिन्होंने कठिन संघर्षों के बाद गुलाम देश को आजाद करने में प्रमुख भूमिका निभायी है। हमें उन क्रांतिकारी बलिदानियों को नहीं भूलना चाहिए, सुभाष चन्द्र बोस व पिताम्बर सिंह खरवार सहित अनेकों क्रांतिकारी वीरों ने अपनी शहादत देकर देश को आजादी दिलाने में अपनी प्रमुख भूमिका अदा की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा आज जनपद में बाल वाटिका का भी शुभारंभ किया जा रहा है, उन्होंने कहा कि विशिष्ट स्टेडियम तियरा में आने-जाने हेतु रास्ते के समस्या के निराकरण हेतु कार्ययोजना बनायी जाये, जिससे कि स्टेडियम में आने-जाने वाले लोगों को किसी प्रकार की समस्या न हों।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक मिश्रा, मोहन कुशवाहा, उपाध्यक्ष भाजपा रमेश पटेल ने भी अपने विचार व्यक्त कियें। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रवक्ता डायट ऋचा ओझा ने किया।
इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आईएएस उत्कर्ष द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) वागीश कुमार शुक्ल, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश चन्द्र, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) रोहित यादव, जिला विकास अधिकारी हेमन्त कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ0 अश्वनी कुमार, डीसी मनरेगा रवीन्द्र वीर सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनन्द पाण्डेय सहित सम्मानित अधिकारीगण व जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहें।







