कोन-तेलगुड़वा मार्ग के निर्माण में भारी अनियमितता, अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी को सौपा ज्ञापन

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

नवीन कुमार


कोन (सोनभद्र/उत्तर प्रदेश)। तेलगुड़वा–कोन–विंढमगंज मार्ग के निर्माण कार्य में अनियमितता और सुस्त प्रगति को लेकर अधिवक्ता समाज का आक्रोश खुलकर सामने आया है। संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर अधिवक्ता संघ ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए पूरे प्रकरण की जांच कर मानक के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण कराने की मांग की है।


अधिवक्ताओं ने ज्ञापन के माध्यम से आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में गंभीर खामियां बरती जा रही हैं। वर्तमान में ही आम नागरिकों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं भविष्य में भी सड़क की गुणवत्ता खराब होने से बड़ी समस्याएं उत्पन्न होने की आशंका है।


संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि निर्माण के दौरान सड़क पर पानी का छिड़काव न के बराबर किया जा रहा है, जिससे सड़क की सतह ठीक से बैठ नहीं पा रही है और लगातार धूल उड़ रही है। इससे आवागमन प्रभावित हो रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार प्रतिदिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं, जिससे क्षेत्र में रोष व्याप्त है।


ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि जहां आरसीसी और डामर सड़क को जोड़ा जा रहा है, वहां समुचित समतलीकरण नहीं किया गया है। इसके चलते जगह-जगह गड्ढे बन रहे हैं। तेलगुड़वा से कनहर तक बनी सड़क पर वाहनों के पहियों के निशान उभर आना निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करता है।


अधिवक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व की डामर सड़क को हटाए बिना ही उस पर मोरंग डालकर नया निर्माण किया जा रहा है, जिससे सड़क के जल्द ही टूटने और दरार पड़ने की संभावना है। बार-बार मांग और सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत आवेदन देने के बावजूद निर्माण से संबंधित मानक उपलब्ध नहीं कराए गए, जो अनियमितता की ओर इशारा करता है।
अधिवक्ता संघ ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा मानक के अनुरूप सड़क निर्माण सुनिश्चित कराने की मांग की है।


इस दौरान एडवोकेट प्रभास कुमार पांडेय, विनय कुमार, संपूर्णानंद, अजीत प्रजापति, प्रियरंजन मिश्रा समेत कई अधिवक्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment

1454
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?