हिंडालको रेनुसागर में प्राकृतिक, एक्यूप्रेशर एवं सुजोक चिकित्सा शिविर संपन्न
अनपरा/सोनभद्र। हिंडालको रेनुसागर के तत्वावधान में कर्मचारियों एवं उनके परिजनों के स्वास्थ्य संवर्धन के लिए पैराडाइज प्रेक्षागृह में प्राकृतिक, एक्यूप्रेशर एवं सुजोक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि हिंडालको रेनुसागर के यूनिट हेड आर पी सिंह, मानव संसाधन विभाग के हेड आशीष पांडेय, रेनुसागर चिकित्सा प्रभारी डॉ. मुकुल बृंदा एवं एम.डी. एक्यूप्रेशर सुजोक विशेषज्ञ डॉ. गुलाबराम ने दीप प्रज्वलित कर किया।
यूनिट हेड आर पी सिंह ने कहा कि स्वस्थ शरीर ही सुखी एवं समृद्ध जीवन की आधारशिला है। प्राकृतिक चिकित्सा, एक्यूप्रेशर एवं सुजोक जैसी पद्धतियां बिना दुष्प्रभाव के लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करती हैं। आधुनिक जीवनशैली में तनाव और बीमारियों से बचाव में इनका अहम योगदान है।
डॉ. गुलाबराम ने शिविर में उपस्थित लाभार्थियों को बिना दवा के उपचार, संतुलित आहार, योग, नियमित व्यायाम और एक्यूप्रेशर-सुजोक तकनीकों के बारे में जानकारी दी। बड़ी संख्या में कर्मचारियों और परिवारजनों ने स्वास्थ्य परीक्षण व परामर्श का लाभ लिया।
एच आर हेड आशीष पांडेय ने बताया कि कंपनी समय-समय पर कर्मचारियों के कल्याण के लिए ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित करती रहती है। शिविर को सफल बनाने में ईआर हेड मृदुल भारद्वाज, रोहित सक्सेना, राजेश राय, नाऊष त्रिपाठी, आर के बर्मा एवं सुशील श्रीवास्तव का सहयोग रहा।






