म्योरपुर/सोनभद्र। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मंगलवार को म्योरपुर ब्लॉक मुख्यालय से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि,ब्लॉक के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय नागरिक एवं स्कूली बच्चे यात्रा में शामिल हुए। देशभक्ति के जज्बे के साथ निकली तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा म्योरपुर कस्बा भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से गूंज उठा।ब्लॉक मुख्यालय से शुरू हुई तिरंगा यात्रा कस्बे के विभिन्न मार्गों से होते हुए गुजरी। यात्रा में शामिल लोगों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर राष्ट्रप्रेम और देश की एकता-अखंडता का संदेश दिया। जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। यात्रा के दौरान युवाओं और स्कूली बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों एवं शहीदों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि देश की आजादी असंख्य वीरों के त्याग और संघर्ष का परिणाम है। सभी नागरिकों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने के लिए मिलकर कार्य करना चाहिए।तिरंगा यात्रा में एससी-एसटी आयोग के प्रदेश उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड, खंड विकास अधिकारी राम विशाल चौरसिया, थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, रजनीश श्रीवास्तव,दयाशंकर विश्वकर्मा,शारदा खरवार,मोनू जायसवाल,समाजसेवी डीपी सिंह समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय नागरिक एवं स्कूलों के बच्चे शामिल रहे। तिरंगा यात्रा का संचालन एडीओ पंचायत अजय कुमार सिंह ने किया।तिरंगा यात्रा को लेकर पूरे कस्बे में दिनभर देशभक्ति का माहौल बना रहा।






