आटो और बाइक की टक्कर में चार घायल, एक युवक की मौत

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सीएस पाण्डेय

नधिरा – बखरिहवां मार्ग पर हुई घटना

बभनी(सोनभद्र/उत्तर प्रदेश)। स्थानीय थाना क्षेत्र के नधिरा- बखरिहवां मार्ग पर सोमवार की रात में ऑटो और बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को सीएचसी म्योरपुर भिजवा दिया।


बीजपुर थाना क्षेत्र के डोडहर निवासी बाइक सवार धरम (35 वर्ष), लोकमन (33 वर्ष), अजय (34 वर्ष) और आरके कुमार (35 वर्ष) हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं ऑटो में सवार चंपा देवी (30 वर्ष) निवासी नधिरा भी बुरी तरह जख्मी हो गईं। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर में भर्ती कराया गया,जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को राजकीय मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया गया।


सीएचसी में तैनात डॉ. पल्लवी सिन्हा ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर बाइक सवार चारों युवकों को जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान ही धरम 35 की मौत हो गई।मौत की खबर लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया।


परिजनों के मुताबिक, चारों युवक परनी गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान नधिरा गांव के पास विपरीत दिशा से आ रहे ऑटो से उनकी टक्कर हो गई। वहीं घायल चंपा देवी जरहा से अपने घर लौट रही थीं।


बताया गया कि ऑटो में सवार अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने मेमो के माध्यम से पुलिस को सूचना दे दी है। परिजनों के अनुसार, मृतक बीजपुर में एक निजी कंपनी में कार्यरत था। उसके तीन छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया।

Leave a Comment

1442
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?