जयमोहनी रेंज में अवैध लकड़ी कटान पर वन विभाग का शिकंजा, दो तस्कर गिरफ्तार

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील अंतर्गत जयमोहनी रेंज में वन विभाग ने अवैध लकड़ी कटान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बुधवार सुबह पूर्वी जयमोहनी बीट में उस समय की गई, जब खैर प्रजाति के हरे वृक्षों की अवैध कटाई की जा रही थी।

रेंजर अमित श्रीवास्तव के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में सोनभद्र जनपद के थाना रावर्टसगंज क्षेत्र के नागनार हरैया निवासी रामसजीवन (पुत्र लालमनी) और विकास (पुत्र मुन्ना) को मौके से पकड़ा गया। तलाशी के दौरान खैर के पांच हरे वृक्षों के कटे हुए बोटे, छह साइकिलें और दो कुल्हाड़ियां बरामद की गईं, जिन्हें जब्त कर रेंज कार्यालय लाया गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे सोनभद्र से आकर खैर के पेड़ों की कटाई करते थे और लकड़ी को कत्था व्यापारियों तक पहुंचाते थे। रेंजर अमित श्रीवास्तव के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह मामला एक संगठित गिरोह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। घटना में शामिल अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है।

गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है। वन अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

वन विभाग ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि वन क्षेत्र में अवैध कटान और वन संपदा की चोरी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त एवं निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी। इस अभियान में वन दरोगा सोमेश कुमार तथा वन रक्षक चंद्रशेखर यादव, प्रेम सिंह और मुलायम सिंह की अहम भूमिका रही।

Leave a Comment

1347
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?