इंदु सिंह बोलीं- सेवा और संवेदनशीलता ही सशक्त समाज की पहचान
अनपरा, सोनभद्र। भीषण गर्मी से राहत दिलाने के लिए दिशिता महिला मंडल रेनुसागर ने सराहनीय पहल की है। वरिष्ठ सदस्या इंदु सिंह के मार्गदर्शन में महिला मंडल ने कम्पोजिट विद्यालय बैरपान और आदर्श परिवार कल्याण केंद्र को शुद्ध शीतल पेयजल हेतु वाटर कूलर भेंट किए। इसका उद्देश्य तपती गर्मी में राहगीरों, ग्रामीणों और जरूरतमंदों को स्वच्छ ठंडा पानी उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि इंदु सिंह ने सरस्वती पूजन से किया। इससे पूर्व प्रधानाचार्या मीना सिंह, शिक्षिका सपना यादव, दिव्या यादव व सपना पांडेय ने बुके देकर उनका स्वागत किया।
इंदु सिंह ने कहा कि सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता ही एक सशक्त एवं समृद्ध समाज की पहचान है। महिला मंडल समय-समय पर शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण व सामाजिक कल्याण के कार्यक्रम करता रहा है। भीषण गर्मी को देखते हुए यह वाटर कूलर भेंट किया गया है ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके।
ग्रामीणों ने महिला मंडल की इस पहल को प्रेरणादायक बताते हुए आभार जताया। कहा कि यह न केवल प्यास बुझाएगी, बल्कि समाज में सेवा और मानवीय संवेदनाओं का संदेश भी देगी।
इस अवसर पर मेनका अरोड़ा, सविता चौबे, नूतन सिंह, बिनीता सिंह, किरण श्रीवास्तव, वंदना सिंह, श्वेता श्रीवास्तव व वंदना श्रीवास्तव का सराहनीय सहयोग रहा। अंत में सचिव तूलिका श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापित किया।






