अमित मिश्रा
कोन (सोनभद्र) । विकास खंड कोन के अंतर्गत ग्राम पंचायत कचनरवा मुख्य बाजार में सड़क की जर्जर स्थिति, अधूरी नाली निर्माण और नाली पर ढक्कन न लगाए जाने से नाराज़ ग्रामीणों ने गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व जिला पंचायत सदस्य छविंद्र नाथ चेरो ने किया।
प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन से मांग की कि बाजार के एक तरफ की नाली को तत्काल पूरा किया जाए, उसकी सफाई कराई जाए और नाली पर ढक्कन लगाया जाए, ताकि लोगों का बाजार में आना-जाना और व्यापार सुगम हो सके।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजनारायण जायसवाल ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि कोन–विंढमगंज रोड की हालत बेहद दयनीय हो गई है। वहीं कचनरवा का मुख्य बाजार पूरी तरह नारकीय स्थिति में पहुंच चुका है। जगह-जगह गड्ढों और कीचड़ के कारण लोगों का चलना दूभर हो गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि नाली निर्माण की जिम्मेदारी आखिर किसकी है, और क्यों स्थानीय जे.ई. दुकानदारों को स्वयं ढक्कन लगाने की सलाह दे रहे हैं?
स्थानीय दुकानदार संतोष जायसवाल ने बताया कि बाजार की स्थिति के कारण व्यापार चौपट हो गया है। ग्राहकों का आना कम हो गया है और पूरे इलाके में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। उन्होंने प्रशासन से सड़क को गड्ढा मुक्त कराने, नाली की सफाई और उस पर ढक्कन लगाने की मांग दोहराई।
प्रदर्शनकारियों में रोहन, रंजन, राहुल, लल्लू कुशवाहा सहित कई स्थानीय लोग शामिल रहे। इस दौरान उप जिलाधिकारी व पुलिस क्षेत्राधिकारी ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और लोगों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया।
मौके पर संबंधित जे.ई., लेखपाल और स्थानीय दुकानदारों की भी मौजूदगी रही। प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि अब उनकी मांगों पर प्रशासन सकारात्मक कार्यवाही करेगा।







