ससुराल में दम्पत्ति की मौत, पति फंदे पर लटका मिला, पत्नी का शव बिस्तर पर, 4 वर्षीय मासूम के सामने उजड़ गया परिवार

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

सोनभद्र, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। रायपुर थाना क्षेत्र के रायपुर गांव में ससुराल आए एक दम्पत्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घर के अंदर पति का शव फांसी के फंदे से लटका मिला, जबकि पत्नी मृत अवस्था में चारपाई पर पड़ी मिली। घटना के समय घर में मौजूद चार वर्षीय मासूम बेटा सहमा हुआ और गुमसुम हालत में मिला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरौटी गांव निवासी विकास अपनी पत्नी आरती और बेटे के साथ एक दिन पहले ही रायपुर स्थित ससुराल आए थे। बुधवार सुबह जब परिजनों और ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रारंभिक जांच में मामला बेहद संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस आत्महत्या, हत्या और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

इस दर्दनाक घटना के बाद सबसे अधिक चिंता उस चार वर्षीय मासूम को लेकर है, जिसने एक ही दिन में अपने माता-पिता दोनों को खो दिया। गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

Leave a Comment

1502
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?