अयोध्या राम मंदिर घोटाले के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौपा ज्ञापन

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड बोले- SIT गठन हुआ लेकिन FIR नहीं, निष्पक्ष जांच पर उठ रहे सवाल

सोनभद्र। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी और शहर कांग्रेस कमेटी सोनभद्र के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को विशाल विरोध प्रदर्शन और बैठक का आयोजन किया गया। अयोध्या स्थित श्री राम मंदिर में श्रमदान, दान और चढ़ावे में हुए कथित घोटाले व चोरी के संबंध में राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी प्रतिनिधि के माध्यम से सौंपा गया।
जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड ने कहा कि अयोध्या स्थित श्री राम मंदिर में श्रमदान, दान और चढ़ावे में घोटाले की खबरों ने पूरे देश की आस्था को झकझोर दिया है। सरकार ने SIT का गठन तो कर दिया, लेकिन खेद की बात है कि इस गंभीर प्रकरण पर अभी तक कोई FIR दर्ज नहीं की गई। बिना FIR के निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं। हमारी मांग है कि अविलंब FIR दर्ज कर निष्पक्ष व पारदर्शी जांच हो।
शहर अध्यक्ष फरीद अहमद ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। वित्तीय घोटाले और चोरी ने धार्मिक भावनाओं को आहत किया है। जनता की गाढ़ी कमाई और श्रद्धा के पैसे से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो। पूर्व शहर अध्यक्ष राजीव त्रिपाठी ने कहा कि सरकार लीपापोती कर रही है। SIT गठन सिर्फ ध्यान भटकाने के लिए है। राज्यपाल से अपील है कि राम मंदिर की पवित्रता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए तत्काल कदम उठाएं।
कार्यक्रम में जिला महासचिव दयाशंकर पांडे, जिला सचिव आशीष सिंह, RTI चेयरमैन श्रीकांत मिश्रा, जिला सचिव मंजू देवी, सेराज खान, सदर ब्लॉक अध्यक्ष अमरेश पांडे, दुद्धी ब्लॉक अध्यक्ष चन्द्रदेव गोंड, यूथ कांग्रेस उपाध्यक्ष सूरज वर्मा, दयाराम प्रजापति सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment

1502
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?