जिला अध्यक्ष ने 50-50 लाख मुआवजा, जांच और अवैध खन बंद करने की मांग की
सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के मीतापुर बालू साइट पर सोन नदी में डूबकर तीन बालकों की मौत के बाद कांग्रेस का 7 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल घटनास्थल पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रामराज सिंह गोड़ ने किया।
प्रतिनिधिमंडल ने मृतकों के परिवारजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और ढाढ़स बंधाया। इस दौरान उपस्थित जिला प्रशासन से मृतक आश्रित परिवारों को 50-50 लाख रुपये का मुआवजा देने, घटना की उच्च स्तरीय जांच कराने और अवैध खन को तत्काल बंद करने की मांग की गई।
जिला अध्यक्ष रामराज सिंह गोड़ ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष व पूर्व मंत्री अजय राय को घटना की पूरी जानकारी दी। उन्होंने सोनभद्र के खन क्षेत्र में लगातार हो रहे हादसों पर गंभीर चिंता जताते हुए इस पर तत्काल प्रभावी कदम उठाने की बात कही।
प्रतिनिधिमंडल में पूर्व प्रदेश सचिव कमलेश ओझा, पूर्व शहर अध्यक्ष राजीव त्रिपाठी, जिला उपाध्यक्ष हाजी नूरुद्दीन खान, कन्हैया लाल पांडे, प्रदीप कुमार चौबे और कांग्रेस आरटीआई विभाग के जिला अध्यक्ष श्रीकांत मिश्रा शामिल रहे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मानक विपरीत खन के कारण नदी में गहरे गड्ढे बन रहे हैं, जिससे ऐसी घटनाएं लगातार हो रही हैं। दोषी अधिकारियों व खन माफियाओं पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।






