नौगढ़ में कूड़ा रजवाहा माइनर की सफाई बनी विवाद की वजह, आरक्षित वन क्षेत्र में कचरा डंप करने पर भड़के ग्रामीण

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के नौगढ़ कस्बा क्षेत्र में कूड़ा रजवाहा माइनर की सफाई के दौरान निकाली गई घास-फूस और कचरे को आरक्षित वन क्षेत्र में ले जाकर डंप करने का मामला सोमवार को गरमा गया। इस लापरवाही से नाराज ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी विकास मित्तल और वन विभाग से शिकायत की।

ग्रामीणों का आरोप है कि सफाई के नाम पर कचरे को मनमाने ढंग से जंगल क्षेत्र में फेंक दिया गया है, जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है। इतना ही नहीं, मंदिर जाने वाले मार्ग पर भी गंदगी फैला दी गई है, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी हो रही है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम विकास मित्तल ने सिंचाई विभाग के संबंधित अभियंता को फोन कर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आरक्षित वन क्षेत्र और मंदिर मार्ग पर फैली गंदगी को तत्काल हटाया जाए तथा भविष्य में ऐसी लापरवाही न दोहराई जाए।

एसडीएम के निर्देश के बाद सिंचाई विभाग ने मौके पर सफाई कराने का भरोसा दिया है। वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि आगे भी नियमों की अनदेखी की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Leave a Comment

1291
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?