पौधशाला और अग्रिम मृदा कार्य स्थलों का लिया जायजा, समयबद्ध कार्य के निर्देश
म्योरपुर, सोनभद्र। गुरुवार को सीसीएफ मिर्जापुर ने म्योरपुर रेंज अंतर्गत विभिन्न वन क्षेत्रों एवं पौधशाला का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सीसीएफ ने गड़िया कक्ष संख्या 11 वर्ष 2025, गड़िया कक्ष संख्या 6 वर्ष 2023 तथा कटौंधी कक्ष संख्या 01 में प्रस्तावित अग्रिम मृदा कार्य 2026 (10 हेक्टेयर) का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके साथ ही म्योरपुर पौधशाला पहुंचकर वहां तैयार किए जा रहे पौधों की स्थिति और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान वन कार्यों की गुणवत्ता, पौधरोपण की तैयारी तथा मृदा संरक्षण कार्यों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्ता पूर्ण तरीके से कार्य पूरा कराने पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर डीएफओ कमल कुमार, एसडीओ अखिलेश पटेल, रेंजर म्योरपुर जबर सिंह यादव, वन दरोगा विद्या पाण्डेय, चंद्रभान पटेल, गोविंद कुमार, शिव मंगल, बंधु राम सहित वन विभाग के कई कर्मचारी मौजूद रहे।






