बजरंग सरोवर पर उमड़ा आस्था का सैलाब, जागरण में अतिथियों का हुआ सम्मान
म्योरपुर (सोनभद्र)। लोक आस्था एवं सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा सोमवार को उगते सूर्य भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धा एवं भक्तिभाव से संपन्न हुआ।
जय बजरंग सेवा समिति के तत्वावधान में हो रही छठ पूजा का आयोजन बजरंग सरोवर में किया गया। व्रती महिलाओं ने आस्था की डुबकी लगाने के बाद सुबह 5 बजे से पानी में खड़ी होकर भगवान भास्कर के उगने का इंतजार किया। जैसे ही सूर्य देव उगे, लोगों का अर्घ्य देने के लिए छठ घाट पर हुजूम उमड़ पड़ा। चार दिवसीय इस महापर्व के अंतिम दिन व्रती महिलाओं एवं पुरुषों ने सुबह तड़के छठ घाटों पर पहुंचकर भगवान सूर्य को दूध एवं पवित्र जल से अर्घ्य दिया तथा परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
जय बजरंग सेवा समिति के द्वारा रात्रि में भव्य जागरण कराया गया था जो आकर्षण का रात भर केंद्र बना रहा। कार्यक्रम में आए एसटी/एससी आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार एवं पूर्व विधायक दुद्धी हारी राम चेरो एवं पूर्व विधायक राम दुलार गोड़ तथा ब्लाक प्रमुख म्योरपुर मान सिंह गोड़ का कमेटी के पदाधिकारियों ने माल्यार्पण कर उन्हें अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान सभी अतिथियों ने संबोधित भी किया।
इस दौरान छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। पूरा वातावरण छठी मैया के पारंपरिक गीतों एवं जयकारों से भक्तिमय बना रहा। व्रतियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर छठी मैया और भगवान भास्कर से परिवार की सुख-शांति, आरोग्य एवं समृद्धि की प्रार्थना की।
इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का श्रद्धा, उल्लास एवं शांतिपूर्ण माहौल में समापन हो गया। म्योरपुर कस्बा सहित खैराही, रनटोला, हरहोरी, परनी, पड़री, खन्ता, गड़िया, रासपहरी, गोविंदपुर, लीलासी, जामपानी, कुदरी, आरंगपानी, किरविल, देवरी गांव के छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की संख्या और विशेष व्यवस्था किया गया था।
इस दौरान कमेटी के अध्यक्ष गणेश जायसवाल, कोषाध्यक्ष अंकित जायसवाल, प्रवीण अग्रहरी, सुजीत कुमार, पंकज सिंह, अमित रावत, शनि अग्रहरी, ओम अग्रहरी, अमित जायसवाल, अश्वनी गुप्ता, मोनू जायसवाल, अंकित अग्रहरी आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।








