नशे के सौदागरों पर पुलिस का प्रहार, 27 लाख की अवैध संपत्ति फ्रीज

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

हेरोइन तस्करी से बनाई संपत्ति जब्त, दिल्ली से सक्षम प्राधिकारी ने दी कार्रवाई को मंजूरी

सोनभद्र। जिले में नशे के कारोबारियों पर अब सिर्फ कानूनी ही नहीं, आर्थिक शिकंजा भी कसना शुरू हो गया है। अनपरा थाना पुलिस ने हेरोइन तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 27 लाख रुपये की अवैध संपत्ति फ्रीज कर दी है। जांच में सामने आया कि नशे के कारोबार से कमाए गए पैसों से बैंक खाते से लेकर जमीन और मकान तक खरीदे गए थे। मामला अनपरा थाना क्षेत्र का है। थाना अनपरा पर दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मुकदमा संख्या 26/2026 में पुलिस ने डिबुलगंज निवासी मनोज कुमार को 10 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था। विवेचना और वित्तीय जांच के दौरान पुलिस को साक्ष्य मिले कि अभियुक्त और उसके परिजनों ने मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध धन से चल और अचल संपत्तियां बनाई थीं। इसी आधार पर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-F(1) के तहत संपत्तियों को फ्रीज करने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस की प्रभावी पैरवी के बाद नई दिल्ली स्थित सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक SAFEM और NDPS एक्ट ने 30 अप्रैल को आदेश जारी कर कार्रवाई को विधिसम्मत मानते हुए पुष्टि कर दी।फ्रीज की गई संपत्तियों में इंडियन बैंक अनपरा शाखा में जमा करीब 1 लाख 15 हजार रुपये की धनराशि शामिल है। इसके अलावा डिबुलगंज गांव स्थित प्लॉट संख्या 841 पर निर्मित मकान और भूमि, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख 46 हजार रुपये है, को भी अभिग्रहित किया गया है। कुल मिलाकर करीब 27 लाख रुपये की अवैध संपत्ति पर शिकंजा कसा गया है। सीओ पिपरी हर्ष पाण्डेय ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को नशा तस्करों के आर्थिक नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है। पुलिस का संदेश साफ है कि अब कार्रवाई सिर्फ नशे की खेप पकड़ने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों को भी सुरक्षित नहीं रहने दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?