ब्रेकिंग: फिर करंट ने ली जान!

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

O- सोनभद्र में 11 हजार वोल्ट लाइन पर काम कर रहे संविदा लाइनमैन की दर्दनाक मौत

O- घोरावल कोतवाली क्षेत्र के जोगिनी गांव में बड़ा हादसा, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घोरावल (सोनभद्र) । जिले में एक बार फिर विद्युत विभाग की लापरवाही ने एक और परिवार का चिराग बुझा दिया। बिसरेखी फीडर पर संविदा लाइनमैन के रूप में कार्यरत 46 वर्षीय संतोष (पुत्र चिंता), निवासी बीसहार गांव (करमा थाना क्षेत्र), 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक गुरुवार की रात संतोष जोगिनी गांव में शटडाउन लेकर बिजली लाइन दुरुस्त कर रहे थे। आरोप है कि कार्य के दौरान ही किसी कर्मचारी ने बिना सूचना बिजली आपूर्ति चालू कर दी। अचानक करंट दौड़ने से संतोष सीधे हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। जोरदार झटके से उनका शरीर बुरी तरह झुलस गया और आग की लपटें उठने लगीं।

मौके पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। काफी मशक्कत के बाद उन्हें पोल से नीचे उतारकर सीएचसी करमा पहुंचाया गया। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी सांसें थम गईं।

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं

सोनभद्र में विद्युत कार्य के दौरान करंट लगने से मौत की यह कोई पहली घटना नहीं है। पूर्व में भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लाइनमैन और संविदा कर्मचारियों की करंट की चपेट में आकर जान जा चुकी है। हर बार जांच और कार्रवाई के आश्वासन दिए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर सुरक्षा मानकों की स्थिति जस की तस बनी रहती है।

संविदा कर्मियों में आक्रोश

इस ताजा घटना के बाद संविदा बिजलीकर्मियों में भारी रोष है। उनका कहना है कि बिना पुख्ता शटडाउन सुनिश्चित किए लाइन पर काम कराया जाता है। सुरक्षा उपकरणों की कमी और समन्वय की लापरवाही के कारण कर्मचारियों की जान जोखिम में पड़ती है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक संतोष अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य बताए जा रहे हैं। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा है। ग्रामीणों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और मृतक परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

पुलिस और विभागीय स्तर पर मामले की जांच की बात कही जा रही है, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि आखिर कब तक बिजलीकर्मी यूं ही करंट का शिकार होते रहेंगे?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?