भाजपा युवा मोर्चा नेता आलोक पाण्डेय का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

सोनभद्र। पन्नूगंज थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव में शनिवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता और आरटीआई एक्टिविस्ट आलोक पाण्डेय का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। रविवार सुबह करीब 7 बजे परिजनों को इस घटना की सूचना मिली, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

दिल्ली चुनाव परिणाम के बाद मिठाई बांटने तक सब था सामान्य

शनिवार को भाजपा कार्यालय में दिल्ली चुनाव के नतीजे आने के बाद कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाइयाँ खिलाकर खुशी जाहिर की। लेकिन किसी को अंदेशा नहीं था कि रात के अंधेरे में आलोक पाण्डेय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाएगी। परिजनों और स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है।

मृतक आलोक पाण्डेय के बारे में जानिए

आलोक पाण्डेय उर्फ प्रीतेश (32 वर्ष) पुत्र महेंद्र देव पाण्डेय निवासी शिवपुर, थाना पन्नूगंज के रहने वाले थे। वे अविवाहित थे और अपने परिवार में सबसे बड़े थे। वे भाजपा युवा मोर्चा से जुड़े होने के साथ-साथ आरटीआई कार्यकर्ता के रूप में भी सक्रिय थे। उनका रोजाना रॉबर्ट्सगंज आना-जाना रहता था और वे विभिन्न सामाजिक और प्रशासनिक मामलों में सक्रिय भूमिका निभाते थे।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

शव मिलने की सूचना पर परिजन व पुलिस मौके पर पहुंचे और तत्काल मामले की जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस रहस्यमयी मौत के पीछे की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

घटना को लेकर परिजनों का कहना है कि यह एक सुनियोजित हत्या हो सकती है। उन्होंने मामले की गहराई से जांच की मांग की है। इस बीच, मर्चरी हाउस पर भाजपा कार्यकर्ता, परिजन और रिश्तेदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। सभी के मन में यही सवाल है कि आखिर आलोक पाण्डेय की मौत कैसे हुई?

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी

परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि जल्द ही सच्चाई सामने लाने का प्रयास किया जाएगा। इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है, और लोग जल्द से जल्द न्याय की मांग कर रहे हैं।

Leave a Comment

1409
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?