श्रमिकों की मांगों को लेकर भारतीय मजदूर संघ ने भरी हुंकार

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

“न्यूनतम वेतन बढ़ाने, सामाजिक सुरक्षा की मांग, जिलाधिकारी कार्यालय में  सौंपा ज्ञापन”

सोनभद्र। श्रमिकों एवं कर्मचारियों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं और मांगों को लेकर भारतीय मजदूर संघ सोनभद्र ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर आवाज बुलंद की।
भारतीय मजदूर संघ उत्तर प्रदेश के आह्वान पर आयोजित कार्यक्रम के बाद संगठन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री, श्रम एवं रोजगार मंत्री, वित्त मंत्री भारत सरकार तथा मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को संबोधित ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में जिले के विभिन्न औद्योगिक एवं सेवा क्षेत्रों से जुड़े श्रमिकों और यूनियनों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन भारतीय मजदूर संघ सोनभद्र के जिला मंत्री एलपी शुक्ल ने किया। उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न औद्योगिक एवं सेवा क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों की समस्याओं को संगठन लगातार मजबूती से उठा रहा है। श्रमिकों को न्याय, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा दिलाना भारतीय मजदूर संघ की प्राथमिकता है।
रमेश सिंह ने श्रमिक हितों से जुड़े विषयों पर विचार रखते हुए संगठन की एकजुटता और संघर्ष को मजबूत करने का आह्वान किया। ,एनएचएम के विकास गोस्वामी ने स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत संविदा एवं अन्य कर्मचारियों की सेवा सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा और श्रमिक अधिकारों को प्रमुखता से उठाया। ,अमित यादव ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। ,कोयला महामंत्री पवन कुमार शर्मा ने कोयला श्रमिकों के रोजगार, वेतन, सुरक्षा और श्रमिक अधिकारों का मुद्दा उठाया। अखिल भारतीय कोयला मजदूर संघ के संगठन मंत्री अशोक कुमार मिश्र ने कहा कि श्रमिकों के अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भारतीय मजदूर संघ उत्तर प्रदेश के प्रदेश मंत्री अरुण कुमार दुबे ने कहा कि श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार को प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने न्यूनतम वेतन में वृद्धि, ईएसआईसी एवं ईपीएफ की सीमा बढ़ाने, न्यूनतम पेंशन में वृद्धि, संविदा एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान तथा समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करने की मांग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को व्यापक सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है।
प्रदर्शन के बाद भारतीय मजदूर संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से श्रमिकों की विभिन्न मांगों को केंद्र और प्रदेश सरकार तक पहुंचाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की गई।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष दशाराम यादव, जिला मंत्री एलपी शुक्ल, रमेश सिंह, विकास गोस्वामी, अमित यादव, पवन कुमार शर्मा, अशोक कुमार मिश्र, अरुण कुमार दुबे सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से संबद्ध यूनियनों के अध्यक्ष, महामंत्री, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे।
अंत में जिला अध्यक्ष दशाराम यादव ने सभी पदाधिकारियों, अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कार्यक्रम के सफल समापन की घोषणा की।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1544
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?