नवीन कुमार
हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर बालिकाओं को किया सशक्त
कोन(सोनभद्र/उत्तर प्रदेश)। सेवा पखवाड़ा अभियान एवं मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत मंगलवार को कोन थाना परिसर तथा पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज कोन में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें नारी सुरक्षा, नारी सम्मान एवं नारी स्वावलंबन की थीम पर छात्राओं व महिलाओं को जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बालिकाओं को महिला कल्याण विभाग की मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना व मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना की पात्रता और लाभ के बारे में विस्तार से बताया गया। उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन करने हेतु प्रेरित किया गया।
जागरूकता कार्यक्रम में छात्राओं को 1090 (वूमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) एवं 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) सहित कई हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। साथ ही वन स्टॉप सेंटर की भूमिका, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के महत्व को भी समझाया गया। छात्राओं को बताया गया कि किसी प्रकार की धोखाधड़ी, उत्पीड़न या छेड़छाड़ से संबंधित समस्या होने पर वे इन नंबरों पर शिकायत कर सकती हैं और उनकी सूचना गोपनीय रखी जाएगी।
इस अवसर पर वन स्टॉप सेंटर से केस वर्कर अनुराधा जायसवाल, थाना कोन से इंस्पेक्टर संजीव कुमार सिंह, दीक्षा तिवारी, एसएसआई राकेश राय, शिवनारायण यादव, भागवत राय, एसपीओ विकास कुमार, हेड कांस्टेबल विनय यादव, ईश्वर चंद्र, सुजेता भारती, पीएलबी कमाल अहमद एवं निगार फरजाना मौजूद रहे।







