नौगढ़, चंदौली। नौगढ़-सोनभद्र मार्ग पर शुक्रवार की रात 09 बजे एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान शशिकांत (30 वर्ष) पुत्र छोटेलाल निवासी तेंदुआ के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, शशिकांत रॉबर्ट्सगंज से अपने घर तेंदुआ लौट रहा था। जैसे ही वह तेंदुआ गांव के पास पहुंचा, बीच सड़क पर गिट्टी बिखरी हुई नजर आई। बाइक से संतुलन खोते हुए वह फिसलकर गिट्टी में जा घुसा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और शशिकांत के पिता छोटेलाल ने 102 एंबुलेंस सेवा को कॉल किया। कुछ ही देर में एंबुलेंस लेकर ईमटी सूरज कुमार व पायलट अरविंद यादव मौके पर पहुंचे और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ ले जाया गया।

चिकित्सक डॉ. नागेंद्र द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में सड़क पर फैली गिट्टी को लेकर नाराजगी देखी गई और जिम्मेदार अधिकारियों से शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई है।







