नौगढ़ में करंट से नीलगाय का शिकार, एक शिकारी गिरफ्तार, मृत नीलगाय का पोस्टमार्टम, अन्य शिकारियों की तलाश जारी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र में वन्यजीव संरक्षण अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। जयमोहनी रेंज की टीम ने रात में करंट लगाकर नीलगाय का शिकार करने वाले एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। मौके से एक मृत नीलगाय भी बरामद की गई है।

वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार शाम करीब 5:30 बजे उन्हें मोबाइल पर सूचना मिली थी। यह जानकारी जयमोहनी रेंज के भैसौड़ा कंपार्टमेंट संख्या-18, हरियाबांध बीट क्षेत्र में जंगल में तार बिछाकर शिकार करने की योजना के बारे में थी।

सूचना मिलते ही वन रेंज की टीम को अलर्ट किया गया। वन चौकी जयमोहनी और पोस्ता क्षेत्र में गश्त कर रहे स्टाफ को निगरानी पर लगाया गया। टीम ने घेराबंदी कर उदितपुर सुर्रा, थाना नौगढ़ निवासी मुरारी यादव को मौके से गिरफ्तार कर लिया। वह जंगल में तार बिछाकर करंट प्रवाहित कर रहा था।

घटनास्थल पर एक मृत नीलगाय भी मिली, जिसे तत्काल कब्जे में लेकर रेंज कार्यालय जयमोहनी लाया गया। वन्यजीव का पोस्टमार्टम कराने के लिए पशुपालन विभाग की मोबाइल एंबुलेंस बुलाई गई। पशु चिकित्सक की उपस्थिति में नीलगाय का पोस्टमार्टम कर नियमानुसार अंतिम संस्कार किया गया।

वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। आरोपी से पूछताछ में कुछ अन्य शिकारियों के नाम भी सामने आए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए एक टीम गठित कर तलाश की जा रही है।

वन विभाग ने आम जनता से अपील की है कि जंगल में अवैध शिकार या तार बिछाने जैसी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल वन विभाग को सूचित करें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।

Leave a Comment

1528
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?