चंदौली जिले के नौगढ़ कस्बा स्थित दुर्गा मंदिर पोखरे पर सोमवार की सुबह छठ महापर्व के अंतिम दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में अपने परिजनों के साथ दुर्गा मंदिर पोखरे पर पहुंचीं। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिसकर्मी और महिला पुलिसकर्मी भी मौके पर तैनात रहे।

छठ घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। व्रती महिलाएं छठी मइया के पारंपरिक एवं भक्तिमय गीत गाते हुए पोखरे तक पहुंचीं। छठ गीतों से पूरा नौगढ़ कस्बा भक्तिमय हो गया। सूर्योदय होते ही महिलाओं ने पोखरे के पानी में खड़े होकर विधि-विधान से उगते सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया और छठी मइया की पूजा-अर्चना की।
इस दौरान व्रती महिलाओं ने अपने परिवार की सुख-शांति, समृद्धि, खुशहाली और संतान की दीर्घायु की कामना की। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिनों तक चलने वाले छठ महापर्व का विधिवत समापन हुआ और महिलाओं ने अपना निर्जला व्रत खोला।
पूजा संपन्न होने के बाद आसपास के लोगों और श्रद्धालुओं का भी दुर्गा मंदिर पोखरे पर पहुंचना शुरू हो गया। लोगों ने व्रती महिलाओं से छठी मइया का प्रसाद ग्रहण किया और एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन के दौरान दुर्गा मंदिर पोखरा श्रद्धा, आस्था और भक्ति का केंद्र बना रहा।









