चंदौली जिले के नौगढ़ में छठ पर्व को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को विभिन्न छठ घाटों का उप जिलाधिकारी विनय कुमार यादव और पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेंद्र कुमार ने भ्रमण कर सुरक्षा एवं साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने घाटों पर पहुंचकर श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा के लिए की गई तैयारियों को देखा।

निरीक्षण के दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेंद्र कुमार ने पुलिसकर्मियों को छठ पर्व के दौरान घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने भीड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
वहीं, एसडीएम विनय कुमार यादव ने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि पूजा के दौरान निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही रहें और गहरे पानी की तरफ जाने से बचें। बच्चों को पानी के पास अकेले न जाने देने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की अपील की गई।
अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को छठ पर्व तक घाटों की साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से मनाएं और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस या प्रशासन को सूचना दें।









