चंदौली जिले के नौगढ़ में लोक आस्था के महापर्व डाला छठ को लेकर नौगढ़ कस्बा स्थित नौगढ़ पोखरे पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। छठ पर्व के पहले दिन नहाय-खाय के दिन बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं हाथों में कलश लेकर पारंपरिक सांस्कृतिक वेशभूषा में पोखरे पर पहुंचीं। इस दौरान महिलाएं छठ मइया के पारंपरिक गीत गाते हुए अपने निर्धारित स्थान पर पहुंचीं और विधि-विधान से पूजा की तैयारियां शुरू कीं।
व्रती महिलाओं ने पोखरे के किनारे मिट्टी से पूजा की बेदी तैयार की। बेदी बनाने के बाद उसे हल्दी, फूल और अन्य पूजन सामग्री से आकर्षक ढंग से सजाया गया। इसके बीच में कलश स्थापित कर उसके ऊपर दीपक जलाया गया। महिलाओं के छठ गीतों से पूरा पोखरा परिसर भक्तिमय हो उठा। परिवार के अन्य सदस्य भी पूजा की तैयारियों में सहयोग करते नजर आए।
वहीं, छठ पर्व को लेकर नौगढ़ बाजार में भी रौनक देखने को मिली। बाजार में फल की दुकानों पर सुबह से ही खरीदारों की भीड़ रही। श्रद्धालु छठ पूजा में उपयोग होने वाले विभिन्न प्रकार के फल और पूजन सामग्री की खरीदारी करते नजर आए। फल विक्रेताओं ने भी पर्व को देखते हुए दुकानें सजाकर विभिन्न प्रकार के फल उपलब्ध कराए हैं। बाजार में खरीदारी को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
छठ पर्व को लेकर पोखरे पर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ श्रद्धालुओं की भीड़ और आवागमन पर नजर रखी गई। गहरे पानी की ओर जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है।
ग्राम प्रधान पति दीपक गुप्ता ने बताया कि छठ पूजा पर्व को लेकर पोखरे पर साफ-सफाई सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाई गई है, ताकि व्रती महिलाएं और श्रद्धालु सुरक्षित रहें।









