सीएस पाण्डेय
जनता इंटर कॉलेज में बाल मेले का हुआ आयोजन
बच्चों ने चटपटे व्यंजनों और मनोरंजक खेलों के स्टॉल लगाकर दिखाई प्रतिभा, अतिथियों ने की खरीदारी
बभनी/सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। स्थानीय विकास खण्ड के बभनी स्थित जनता इंटर कॉलेज के प्रांगण में शनिवार को बाल दिवस के अवसर पर बाल मेले का आयोजन किया गया। मेले में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रकार की आकर्षक दुकानें लगाईं। बच्चों द्वारा लगाए गए स्टॉल पर लोगों ने जमकर खरीदारी की और स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. हीरालाल ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर तथा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों ने मेले का भ्रमण किया और बच्चों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर खरीदारी की।बाल मेले में समोसा, चाट, फुल्की, मोमोज, फ्रूट सलाद, इगल आंखें, किस्मत का खेल, निशाना लगाओ और ईरानी जलेबी सहित दर्जनों दुकानें आकर्षण का केंद्र रहीं। खास बात यह रही कि अधिकांश दुकानों पर बच्चों द्वारा स्वयं तैयार किए गए व्यंजन और अन्य सामग्री उपलब्ध थीं। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ दुकानों का संचालन किया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
बाल मेले का उद्देश्य बच्चों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर उनमें आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता, आपसी सहयोग और व्यवसायिक गतिविधियों की समझ विकसित करना है। ऐसे आयोजनों से बच्चों को व्यावहारिक ज्ञान के साथ-साथ अपने हुनर को प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अमरदेव पाण्डेय ने बताया कि बाल मेले का आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और स्वावलंबन की भावना विकसित करने के उद्देश्य से किया गया है। इस तरह के कार्यक्रम बच्चों को भविष्य में आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर बालकृष्ण तिवारी, नीरज मौर्य, सत्येंद्र पाठक, राजेंद्र प्रसाद, संजीत कुशवाहा, रामसागर, नरेश गुप्ता,स्वजीता, मनोज, कौशल्या, अंजली कुमारी, उमेश और मन्नूलाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।









