डाइट मैदान में सजे 40 स्टॉल, 06 नवम्बर तक चलेगा मेला, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को मिलेगा बाजार
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत जिला मिशन प्रबंधन इकाई (एनआरएलएम) सोनभद्र द्वारा आयोजित तीन दिवसीय सोन अर्घ्य दीपावली सरस मेला-2026 का शुभारंभ बुधवार को डाइट मैदान, उरमौरा रॉबर्ट्सगंज में हुआ। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने फीता काटकर मेले का भव्य शुभारंभ किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी व सीडीओ ने मेले में लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की जानकारी ली। मेले में कुल 40 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें समूहों द्वारा निर्मित विभिन्न उत्पादों एवं स्थानीय सामग्रियों की बिक्री हो रही है।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए बेहतर मंच मिलता है। इससे स्वरोजगार को प्रोत्साहन मिलने के साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर मिलते हैं। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और महिलाओं को अधिक से अधिक बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
यह मेला 04 से 06 नवम्बर 2026 तक चलेगा। इसका मुख्य उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करना और महिलाओं की आजीविका को सशक्त बनाना है। इस दौरान सोन अर्घ्य ब्रांड का शुभारंभ भी किया जाएगा। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
इस अवसर पर डीसी मनरेगा रविन्द्र सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से मेले में पहुंचकर समूहों की महिलाओं के उत्पादों की खरीदारी कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में सहभागी बनने की अपील की।









