प्रमाण-पत्र पाकर स्वरोजगार के लिए प्रेरित हुए प्रशिक्षणार्थी, बैंकिंग योजनाओं की मिली जानकारी
सोनभद्र। इंडियन बैंक द्वारा संचालित आरसेटी रॉबर्ट्सगंज में दिव्यांगजनों हेतु आयोजित 10 दिवसीय निःशुल्क उद्यमिता विकास कार्यक्रम (ईडीपी) प्रशिक्षण बुधवार को सम्पन्न हुआ।
निदेशक विशाल खन्ना ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाना है। प्रशिक्षण के दौरान दिव्यांग प्रशिक्षणार्थियों को बैंकिंग संबंधी जानकारी, विपणन के विभिन्न पहलुओं तथा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित स्वरोजगार और जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई, ताकि वे स्वरोजगार अपनाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।
समापन अवसर पर निदेशक विशाल खन्ना ने सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए और अपने कौशल का उपयोग कर स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर संकाय सदस्य आशुतोष कुमार दुबे, अंजनी सिंह, कार्यालय सहायक श्रीकांत मिश्रा एवं अंकुर सहित प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।









