आरईसी सोनभद्र में साइबर सुरक्षा कार्यक्रम का दूसरा दिन, मल्टीमीडिया हेल्थकेयर डेटा सुरक्षा पर मंथन
सोनभद्र। आरईसी सोनभद्र में चल रहे पांच दिवसीय कार्यक्रम “सिक्योरिटी एंड प्राइवेसी इन साइबर वर्ल्ड” के दूसरे दिन साइबर सुरक्षा के आधुनिक आयामों पर विशेषज्ञों ने व्याख्यान दिए।
प्रारंभिक सत्र में डॉ. मैनेजर यादव ने “मल्टीमीडिया कंटेंट सिक्योरिटी” पर बताया कि दैनिक डेटा ट्रांसमिशन को विजुअल क्रिप्टोग्राफिक एल्गोरिदम से कैसे सुरक्षित रखा जा सकता है, ताकि संवेदनशील सूचनाओं की गोपनीयता बनी रहे।
डॉ. अजय प्रताप ने “स्मार्ट हेल्थकेयर में गोपनीयता संरक्षण” पर कहा कि आधुनिक चिकित्सा में मरीजों के हेल्थ रिकॉर्ड की सुरक्षा बेहद संवेदनशील है। मशीन लर्निंग तकनीकों के समन्वय से गोपनीयता बनाए रखते हुए नैदानिक उपयोगिता को मजबूत किया जा सकता है।
अपराह्न सत्र में डॉ. अजय प्रताप ने वेहिकुलर नेटवर्क्स की सुरक्षा पर “सिबिल अटैक्स” से बचाव और नेटवर्क मजबूती पर विश्लेषण प्रस्तुत किया। उन्होंने कनेक्टेड वेहिकुलर सिस्टम में पहचान सत्यापन और सुरक्षित संचार की महत्ता बताई।
सत्रों के अंत में प्रतिभागियों ने सवाल-जवाब किए। इस दौरान डॉ. आमोद कुमार तिवारी, डॉ. आशीष रंजन मिश्रा, डॉ. कल्पना सिंह, सिकंदर, नवनीत उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागी मौजूद रहे।









