चंदौली जिले की नौगढ़ तहसील के ठटवा गांव निवासी 35 वर्षीय रामचंद्र यादव की बिहार के सासाराम-डेहरी मार्ग पर सड़क हादसे में मौत हो गई। वह परिवार की आजीविका चलाने के लिए बिहार में ट्रक पर खलासी का काम करते थे। बोलेरो की टक्कर से गंभीर रूप से घायल होने के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, रामचंद्र यादव नौगढ़ क्षेत्र के ठटवा गांव के रहने वाले थे। वह काम की तलाश में बिहार गए थे और वहां ट्रक पर खलासी का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह डाला से सामान लोड कर ट्रक के साथ सासाराम-डेहरी की ओर जा रहे थे। रास्ते में ट्रक खड़ा कर वह शौच के लिए नीचे उतरे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद ट्रक चालक और राहगीरों की मदद से उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
रामचंद्र यादव अपने पीछे पत्नी सिलवंती और तीन बच्चों को छोड़ गए हैं। उनके बेटे दिनेश (12), महेश (10) और बेटी संगीता (करीब 8 वर्ष) हैं। परिवार के कमाऊ सदस्य की मौत से पत्नी और मासूम बच्चों के सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाया गया, जहां गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।









