जनपद न्यायाधीश ने किया शुभारंभ, दिव्यांगों को ट्राईसाइकिल, आयुष्मान कार्ड पेंशन प्रमाण पत्र बांटे
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर रविवार को विकास भवन स्थित जनपद पंचायत रिसोर्स सेंटर में वृहद मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शुभारंभ जनपद न्यायाधीश राम सुलीन सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर किया। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय रॉबर्ट्सगंज की बालिकाओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
शिविर में जनपद न्यायाधीश पंकज, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राहुल, सिविल जज सीडी व सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रमेश चंद्र, अपर जिलाधिकारी, सीएमओ रमेश कुमार मिश्र, सीओ सिटी रणधीर मिश्रा, एलडीएम बैंक मौजूद रहे। संचालन एलएडीसीएस सत्यारमण त्रिपाठी ने किया। करीब 895 लोग उपस्थित रहे।
जनपद न्यायाधीश ने बताया कि शिविर का उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना था। विभिन्न विभागों ने 227 लोगों को लाभान्वित किया।
लाभ वितरण में दिव्यांग कल्याण विभाग ने 7 लाभार्थियों को ट्राईसाइकिल, 3 को कान की मशीन, 3 को स्मार्ट केन दी। स्वास्थ्य विभाग ने 21 लोगों को लेप्रोसी किट, 4 को आयुष्मान कार्ड, टीबी मरीजों को पोषण पोटली दी। कुष्ठ रोगियों को रेडक्रॉस सोसाइटी ने गोद लेकर 46 पौष्टिक आहार किट दिए। कृषि विभाग ने 18, डूडा ने 14, समाज कल्याण ने 10, प्रोबेशन विभाग ने निराश्रित महिला पेंशन के 6 और कन्या सुमंगला के 6 प्रमाण पत्र दिए। बैंकों ने मुख्यमंत्री योजना के तहत 8 लाभार्थियों को चेक और विद्युत विभाग ने 7 लाभार्थियों को लाभ दिया।









