अपराध नियंत्रण संदिग्ध वाहनों की जांच, लोढ़ी टोल प्लाजा पर जाम खुलवाकर यातायात कराया सुचारु
सोनभद्र। जनपद में कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में बीती रात सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अपराध नियंत्रण, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग तथा मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम के लिए जनपदभर में व्यापक अभियान चलाया गया।
एसपी अभिषेक वर्मा ने अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के साथ प्रमुख मार्गों एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर चेकिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहनता से जांच करने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
लोढ़ी टोल प्लाजा पर जाम खुलवाया
रात्रि चेकिंग के दौरान लोढ़ी टोल प्लाजा पर लगे जाम को एसपी के नेतृत्व में खुलवाया गया, जिससे बाधित यातायात सुचारु हो सका। यातायात को व्यवस्थित बनाए रखने और राहगीरों की असुविधा दूर करने पर विशेष ध्यान दिया गया।
सोनभद्र पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण एवं सुचारु यातायात के लिए चेकिंग, गश्त और वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।










