9 सितंबर के शासनादेश से पेंशनरों में रोष, ऑफलाइन विकल्प जारी रखने की मांग; DM के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजेंगे ज्ञापन
सोनभद्र। सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन, जनपद शाखा सोनभद्र ने 2 नवंबर 2026 को विशाल धरना-प्रदर्शन का ऐलान किया है। इस संबंध में एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रामराज राम ने जानकारी देते हुए बताया ।
विज्ञप्ति के अनुसार प्रदेश के सेवारत एवं सेवानिवृत्त शासकीय कर्मियों की चिकित्सा प्रतिपूर्ति के दावा निस्तारण प्रक्रिया को सरलीकरण के नाम पर और जटिल बना दिया गया है। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी 09.09.2026 द्वारा कर्मचारियों एवं पेंशनरों के चिकित्सा बिलों को ऑनलाइन अपलोड कर कार्यवाही करने की व्यवस्था की गई है। इससे पेंशनरों के सामने अत्यधिक कठिनाइयां उत्पन्न हो गई हैं।
एसोसिएशन ने मांग की है कि ऑफलाइन/ऑनलाइन दोनों विकल्प रखे जाएं अथवा ऑनलाइन बिल दिया जाता है तो पेंशनर अपने कार्यालयाध्यक्ष तक पूर्व की भांति चिकित्सा बिल प्रस्तुत किए जाने की मांग को लेकर 2.11.2026 को पूरे प्रदेश के जनपदों में धरना-प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार को अपनी मांगों से अवगत कराएंगे।
समस्त सेवानिवृत्त पदाधिकारियों/सदस्यों/शिक्षकों से आग्रह किया गया है कि अधिक से अधिक संख्या में धरना स्थल पर उपस्थित होकर धरना को सफल बनाएं। धरना पूर्वाह्न 11 बजे से 03 बजे तक चलेगा। धरने के अंत में मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश शासन लखनऊ को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से प्रेषित किया जाएगा।









