छठ पर्व नजदीक, भक्तों में रोष; ग्राम पंचायत सचिव और BDO ने नहीं उठाया फोन
म्योरपुर, सोनभद्र। विकासखंड म्योरपुर के ग्राम पंचायत रनटोला में तालाब एवं छठ घाट में कई महीनों से गंदगी का अंबार लगा है, जो स्वच्छता अभियान की पोल खोल रहा है। छठ पर्व नजदीक है, ऐसे में घाट की बदहाली से भक्तों में रोष व्याप्त है।
रनटोला कस्बा स्थित छठ घाट और तालाब के आस-पास गंदगी और बड़े-बड़े घास जमने से बदबू आ रही है। मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा है। रहवासियों को भी भारी कठिनाई हो रही है।
एक ओर केंद्र में मोदी और प्रदेश में योगी सरकार स्वच्छता अभियान को लेकर बड़े दावे कर रही है, ब्रांड एंबेसडर नियुक्त कर शत-प्रतिशत स्वच्छता का लक्ष्य रखा जा रहा है, वहीं रनटोला की हालत सरकारी दावों को मुंह चिढ़ा रही है।
स्थानीय ग्रामीण सोनू, राजदेव, सुंदरी, हीरालाल, प्रमिला, पुष्पा, बिपिन आदि का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारी मौन साधे हुए हैं। इस संबंध में ग्राम पंचायत सचिव आशा यादव और खंड विकास अधिकारी रामविशाल चौरसिया से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन दोनों ने कॉल रिसीव नहीं किया, इसलिए उनका पक्ष नहीं जाना जा सका।









