भाजपा कार्यालय में सरदार पटेल जयंती पर प्रेस वार्ता, 28 से 31 अक्टूबर तक होंगे कार्यक्रम
सोनभद्र। भाजपा जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष नंदलाल की अध्यक्षता में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में प्रेस वार्ता की गई। 28 से 31 अक्टूबर तक जनपद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। 28 अक्टूबर को गोष्ठी और 31 अक्टूबर को रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष नंदलाल ने कहा कि सरदार पटेल का जन्म 31 अक्टूबर 1875 को गुजरात के नाडियाद में किसान परिवार में हुआ था। खेड़ा सत्याग्रह 1918 और बारदोली सत्याग्रह 1928 में किसानों का नेतृत्व किया, बारदोली की सफलता के बाद उन्हें सरदार की उपाधि मिली। स्वतंत्र भारत के पहले गृहमंत्री और उपप्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने प्रशासनिक नींव मजबूत की और अखिल भारतीय सेवाओं की स्थापना की।
1947 में लगभग 565 रियासतें थीं। सरदार पटेल ने वीपी मेनन के सहयोग से अधिकांश रियासतों को भारतीय संघ में मिलाया। जूनागढ़ और हैदराबाद विलय में उनकी निर्णायक भूमिका रही। हैदराबाद में सितंबर 1948 का ऑपरेशन पोलो उसी दृढ़ता का उदाहरण है।
भाजपा का मत है कि कांग्रेस सरकारों ने राजनीतिक स्वार्थ के चलते पटेल के योगदान को कम आंका। 1946 में कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव में बहुमत पटेल के साथ था, फिर भी उन्हें पीछे हटना पड़ा। भाजपा इसे देश में पहली वोट चोरी की घटना बताती है।
इस अवसर पर जिला महामंत्री संतोष शुक्ला, अशोक मौर्या, निशांत कुशवाहा, ओम प्रकाश यादव, रजनीश रघुवंशी, अमन वर्मा मौजूद रहे।









