रेणुकूट में हिण्डालको में कार्यरत हैं अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी, 70वें नेशनल स्कूल गेम्स में निभाई रेफरी की भूमिका
म्योरपुर, सोनभद्र। सोनभद्र के लिए गौरव का क्षण है। हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के बॉयलर एवं को-जनरेशन विभाग में कार्यरत अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं राष्ट्रीय रेफरी रवि सिंह को 70वें नेशनल स्कूल गेम्स (SGFI) 2026 में सराहनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया है।
जम्मू-कश्मीर सरकार के युवा सेवा एवं खेल विभाग की महानिदेशक अनुराधा गुप्ता ने उन्हें मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) के अंतर्गत 70वें नेशनल स्कूल गेम्स की ताईक्वांडो प्रतियोगिता 22 से 26 अक्टूबर 2026 तक गांदरबल, श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर में आयोजित हुई। प्रतियोगिता में अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसमें रवि सिंह ने रेफरी/तकनीकी अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी निभाई।
रवि सिंह ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अंतर्राष्ट्रीय रेफरी अतुल पंगोत्रा, मास्टर विनोद, अपनी माता और स्वर्गीय पिता महामाया प्रसाद सिंह को दिया। उन्होंने कहा कि पिता का आशीर्वाद और संघर्ष ही उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। देश, प्रदेश और कंपनी का नाम रोशन करना उनका सबसे बड़ा लक्ष्य है।









