सड़क-नाली निर्माण की मांग, सपा के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन
सोनभद्र। विधानसभा रॉबर्ट्सगंज-401 के अंतर्गत नगर पालिका रॉबर्ट्सगंज के वार्ड नंबर-5 में मेहुड़ी से पिठा होते हुए सहिजन तक जाने वाला संपर्क मार्ग बदहाल होने से स्थानीय लोगों ने सोमवार को नगरपालिका कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया।
समाजवादी पार्टी के बैनर तले समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव विवेक सिंह पटेल के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में नागरिकों ने कीचड़युक्त सड़क पर नाराजगी जताई और सड़क-नाली निर्माण की मांग उठाई। बाद में अधिशासी अधिकारी (ईओ) को पत्रक सौंपा गया।
विवेक सिंह पटेल ने कहा कि मूलभूत सुविधाएं देना पालिका की जिम्मेदारी है। वार्ड-5 के नागरिक लंबे समय से परेशानी झेल रहे हैं। जनहित की इस समस्या का तत्काल संज्ञान लेकर निर्माण कराया जाए। जब तक समाधान नहीं होगा, आवाज उठती रहेगी।
धरने में सीबू, रवि, संगीता, गुड़िया, संतोष देवी, फूल कुमारी, विमला देवी, राजेंद्र, पप्पू पासवान, मीरा देवी, कल्पना, दुर्गावती देवी, जितेंद्र सहित कई स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।









