दूसरी तरफ महिला कांग्रेस ने किया पलटवार, उषा चौबे के नेतृत्व में भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी
सोनभद्र। सोमवार को भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मणिपुर से कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर जिला कांग्रेस कार्यालय पर प्रदर्शन कर पुतला दहन किया।
मुख्य अतिथि क्षेत्रीय मंत्री पूजा पांडेय ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, मामले की निष्पक्ष जांच और पीड़ित को न्याय मिलना चाहिए। जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह ने कहा कि महिला सम्मान से जुड़े मामलों में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।


वहीं इसकी भनक लगते ही महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष उषा चौबे के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय पहुंचे और भाजपा सरकार का विरोध किया। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।
उषा चौबे ने कहा कि वोट चोरी का विरोध करने पर बेटियों पर दिल्ली पुलिस और भाजपा-आरएसएस द्वारा मारपीट की जा रही है। भाजपा सरकार तानाशाही कर रही है, छात्रों-किसानों की आवाज दबा रही है। युवा ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। वोट चोरी के मुद्दे पर राहुल-प्रियंका गांधी संघर्ष कर रहे हैं।
इस दौरान भाजपा की ओर से ज्योति खरवार, मंजू गिरी, गुड़िया त्रिपाठी, रुबी गुप्ता और कांग्रेस की ओर से बेबी सिंह, राजबली पांडेय, नूरुद्दीन खान, कन्हैया पांडेय, मृदुल मिश्रा सहित कई लोग मौजूद रहे।









